सीहोर व भैरूंदा में नकली कीटनाशक बनाने वाली फैक्ट्रियों पर छापा,1.25 करोड़ का माल और मशीनें जब्त

सीहोर। किसानों की मेहनत और फसलों के साथ खिलवाड़ करने वाले कथित नकली कीटनाशक नेटवर्क का कृषि विभाग ने बड़ा खुलासा किया है. पाइरेसी डिफेंस फोर्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड तथा संबंधित कंपनियों की टीम के साथ कृषि विभाग ने सीहोर के श्रीराम कॉलोनी और भैरूंदा क्षेत्र में छापामार कार्रवाई कर भारी मात्रा में कथित नकली कीटनाशक, रसायन, पैकिंग सामग्री और पैकेजिंग मशीनरी जब्त की है. जब्त सामग्री की प्रारंभिक अनुमानित कीमत करीब 1.25 करोड़ रुपये बताई जा रही है. मामले में एफआईआर की प्रक्रिया को लेकर पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की गई है.

पाइरेसी डिफेंस फोर्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर विजय पंडित के अनुसार, बाजार में उनकी क्लाइंट कंपनियों के उत्पादों की कथित नकली बिक्री की सूचना मिली थी. इसके बाद टीम ने मार्केट सर्वे कराया. संदिग्ध उत्पादों की जांच में उनके नकली होने की पुष्टि होने के बाद इनके निर्माण और सप्लाई से जुड़े ठिकानों की जानकारी जुटाई गई.

जांच के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति की भूमिका भी सामने आई है, जो कार्रवाई के दौरान मौके से फरार हो गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह कथित रूप से तैयार नकली उत्पादों को अलग-अलग बाजारों में खपाने का काम करता था. अब पुलिस और संबंधित विभाग उसकी पहचान और तलाश में जुटे हैं.मामले की जांच आगे बढऩे पर नकली कीटनाशक के निर्माण और सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आने की संभावना है.

कार्रवाई के बाद पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया में देरी को लेकर पाइरेसी डिफेंस फोर्स इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर विजय पंडित एसपी कार्यालय पहुंचे. उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की. उनका कहना है कि कृषि विभाग की ओर से संबंधित थानों में एफआईआर के लिए आवेदन दिए जा चुके हैं. उन्होंने आशंका जताई कि कार्रवाई में देरी होने पर आरोपी फरार हो सकते हैं या जब्त सामग्री से छेड़छाड़ का प्रयास किया जा सकता है.

सहायक संचालक कृषि अनिल कुमार जाट के अनुसार, मामला दो-तीन कंपनियों के कथित नकली उत्पादों से जुड़ा है. संबंधित कीटनाशक कंपनियों की ओर से पुलिस थानों में एफआईआर के लिए प्रतिवेदन दिए गए हैं. एसडीओ स्तर से आवश्यक कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है. कृषि विभाग और पुलिस पूरे मामले की नियमानुसार जांच कर रहे हैं.

श्रीराम कालोनी में दबिश, घर व गोदाम से बरामदगी

कृषि विभाग की टीम ने गत 13 और 14 जुलाई को सीहोर की श्रीराम कॉलोनी में कार्रवाई की. यहां मुकेश कुशवाहा के घर और गोदाम पर दबिश दी गई. टीम के अनुसार, मौके पर चार महिलाएं कथित रूप से नकली कीटनाशकों की पैकिंग करती मिलीं. बड़ी मात्रा में तैयार उत्पादों के साथ पैकिंग सामग्री और अन्य सामान भी बरामद किया गया. इसी तरह भैरूंदा में सुरेंद्र पंवार के निवास पर भी कार्रवाई की गई. यहां भी घर की महिलाओं द्वारा कथित नकली कीटनाशकों की पैकिंग किए जाने की जानकारी सामने आई। बरामद सामग्री में इंडोफिल इंडस्ट्रीज का एम-45, बेयर क्रॉप साइंस लिमिटेड के नेटिवो और अन्त्राकॉल, क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन लिमिटेड का राइस एक्ट तथा इंसेक्टिसाइड्स इंडिया लिमिटेड का एरियल शामिल बताया गया है.

कच्चे रसायन से लेकर पैकेजिंग मशीन तक मिली

कार्रवाई के दौरान केवल तैयार उत्पाद ही नहीं, बल्कि नकली कीटनाशक तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले कथित कच्चे रासायनिक पदार्थ, खाली पैकिंग सामग्री और पैकेजिंग मशीनरी भी जब्त की गई. कृषि विभाग के अनुसार, बरामद समस्त सामग्री की अनुमानित बाजार कीमत करीब 1.25 करोड़ रुपये से अधिक है. सामग्री को विधिवत कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

 

 

Next Post

हरभजन सिंह ने विराट कोहली को 90% क्रेडिट क्यों दिया? भारतीय फील्डिंग पर बोले- उन्होंने टीम इंडिया की सोच...

Fri Aug 14 , 2026
नयी दिल्ली, पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह के अनुसार विराट कोहली ने भारतीय टीम में जीत की सोच और फिटनेस का ऐसा स्तर तय किया, जिसने भारतीय क्रिकेट को हमेशा के लिए बदल दिया। पूर्व भारतीय क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने विराट कोहली के भारतीय क्रिकेट में योगदान की […]

You May Like