
नयी दिल्ली, 11 अगस्त (वार्ता) इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स (आईएसीसी) ने कशिश त्यागी को उप महासचिव नियुक्त किया है।चैंबर ने मंगलवार को बताया कि सुश्री त्यागी की नियुक्ति से भारत-अमेरिका व्यापार और निवेश के क्षेत्र में रिश्ते मजबूत करने के साथ-साथ संगठन का नेतृत्व भी मजबूत होगा। वह इससे पहले आईएसीसी के उत्तर भारत परिषद में क्षेत्रीय निदेशक थीं।
राष्ट्रीय स्तर पर अब वह सरकारी निकायों के साथ जुड़ाव, अमेरिकी दूतावास और अन्य राजनयिक हितधारकों के साथ समन्वय, आईएसीसी के विभिन्न चैप्टर का विस्तार और संस्थागत प्रक्रियाओं को मजबूत की जिम्मेदारी संभालेंगी। उनकी यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब व्यापार तथा नीतिगत बातचीत को सुविधाजनक बनाने में उद्योग निकायों की भूमिका महत्वपूर्ण होती जा रही है। अपनी नियुक्ति पर सुश्री त्यागी ने कहा, ” भारत और अमेरिका आर्थिक साझेदारी के एक महत्वपूर्ण दौर में प्रवेश कर रहे हैं। मैं दोनों देशों के व्यवसायों के बीच एक सेतु के रूप में आईएसीसी की भूमिका को मजबूत करने के लिए सभी हितधारकों के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हूं।
