भोपाल। करीब 15 दिन के इंतजार के बाद मानसून ने जोर पकड़ा है। शनिवार रात से शुरू हुई बारिश रविवार और सोमवार को भी जारी रही। पिछले 24 घंटे में करीब 7 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई, जो इस सीजन में अब तक की सबसे ज्यादा बारिश है।
लगातार बारिश से भोपाल के प्रमुख जलस्रोतों में भी पानी की अच्छी आवक हुई है। कलियासोत डैम में करीब 1 फीट, केरवा डैम में 3 फीट और कोलार डैम में करीब 1 फीट पानी बढ़ा है। डैमों में बढ़ता जलस्तर शहर के लिए राहत की खबर माना जा रहा है।
बारिश से किसानों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है। खेतों में नमी बढ़ने से खरीफ की फसलों को राहत मिली है। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे लोगों का कहना है कि मानसून का यह दौर अभी और जारी रहना चाहिए।
हालांकि, भारी बारिश का असर शहर के कई हिस्सों में भी देखने को मिला। 50 से ज्यादा इलाकों में जलभराव, कई जगह पेड़ गिरने और घरों में पानी घुसने की घटनाएं सामने आईं। भोपाल-बैरसिया रोड पर बाणगंगा नदी के उफान पर आने के कारण रास्ता बंद करना पड़ा। निशातपुरा अंडरब्रिज में भी पानी भर गया।
भारी बारिश को देखते हुए स्कूलों में छुट्टी का आदेश भी जारी किया गया, हालांकि आदेश सुबह 8 बजे के बाद आने से कई बच्चे पहले ही स्कूल पहुंच चुके थे।
फिलहाल भोपाल में बारिश का दौर जारी है और डैमों में बढ़ता पानी शहर के लिए राहत की उम्मीद जगा रहा है।
