
चितरंगी । शाउमा विद्यालय गोपला में प्रशासनिक अधिकारियों के अचानक पहुंचने से विद्यालय की व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति सामने आई। एसडीएम देवेंद्र द्विवेदी और तहसीलदार नागेश्वर प्रसाद पनिका ने औचक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों की पढ़ाई और मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया और स्वयं उन्हें पढ़ाकर उनकी शैक्षणिक समझ को परखा। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों से संबंधित सवाल किए और पढ़ाई की स्थिति जानी। उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों की शिक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। नियमित कक्षाओं के संचालन के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान कुछ कक्षाओं में टेबल-कुर्सियों की व्यवस्था नहीं मिली। इस पर एसडीएम देवेंद्र द्विवेदी ने तत्काल ब्लॉक शिक्षा अधिकारी से दूरभाष पर जानकारी लेते हुए व्यवस्था में देरी का कारण पूछा। उन्होंने आवश्यक फर्नीचर की व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित करने और इसकी जानकारी देने के निर्देश दिए। अधिकारियों के कक्षा में पढ़ाने से विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला।
