राजगढ़: जिले में एक 22 साल की विवाहित का ससुराल में जला हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई. महिला के शरीर के अधिकांश कपड़े जल चुके थे और कुछ जले हुए कपड़े शरीर से चिपक गये थ. उसके पैरों में चांदी के कड़े और आंवले पहने मिले. शव के पास डीजल की प्लास्टिक की केन रखी मिली. मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर हत्या कर शव जलाने का आरोप लगाया है. पुलिस ने मर्ग कायम कर सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार मामला जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र के अटेपुर गांव में शुक्रवार सुबह सामने आया. मृतका नानूबाई (22) निवासी उदियापुरा की शादी करीब तीन वर्ष पहले अटेपुर निवासी जगदीश तंवर से हुई थी. 4 महीने पहले ही उसका ससुराल आना जाना शुरू हुआ था, शुरुआती समय से ही दोनों के बीच विवाद की बातें सामने आती रही हैं.
घटना के एक दिन पहले ही रोटी जलने की बात को लेकर पति ने जली हुई रोटी का फोटो व्हाट्सएप पर भेजकर उनकी बेटी को अपमानित किया था और विवाद किया था. सूचना मिलने पर एसडीओपी धर्मवीर नागर और भोजपुर थाना प्रभारी अजय यादव मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कमरे से साक्ष्य जुटाए. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए खिलचीपुर अस्पताल भेजा गया. शुक्रवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
मायके पक्ष का आरोप है कि जगदीश का गांव की ही एक युवती से पहले प्रेम संबंध था. वर्ष 2025 में वह युवती को अपने साथ भगा ले गया था. बाद में समझौते के बाद मामला शांत हुआ और युवती की कहीं और शादी हो गई.
परिजनों का कहना है कि इसी कारण नानूबाई का वैवाहिक जीवन भी प्रभावित रहा. करीब चार महीने पहले ही नानूबाई का उन्होंने आना दोना देकर ससुराल आना-जाना शुरू हुआ था.
पति बोला- पत्नी ने खुद ही लगा ली आग
मृतका के पति जगदीश तंवर ने पुलिस को बताया कि सुबह नानूबाई ने उठकर चाय बनाई और परिवार के लोगों को पिलाई. इसके बाद उसके पिता मानसिंह और बड़ा भाई रामबाबू सेमली के हाट बाजार चले गए. घर पर उसकी मां, भाभी और बहन मौजूद थीं. वह स्वयं शौच के लिए बाहर गया था.
इसी दौरान उसकी पत्नी ने कमरे में रखी डीजल की केन से अपने ऊपर डीजल डालकर आग लगा ली. उसने बताया कि सुबह करीब साढ़े सात से आठ बजे के बीच उसके चचेरे भाई दिनेश ने आवाज लगाकर घर में आग लगने की सूचना दी. वह दौडक़र घर पहुंचा और पत्नी पर पानी डालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
मां बोली- बेटी की हत्या की गई
वहीं, मृतका की मां रोड़ी बाई ने इस पूरे घटनाक्रम पर सवाल उठाते हुए इसे हत्या बताया है. उनका कहना है कि जब घर में कई लोग मौजूद थे, तब उनकी बेटी अकेले आग कैसे लगा सकती है. उनका आरोप है कि पहले नानूबाई की हत्या की गई और बाद में शव को जलाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई. रोड़ी बाई ने बताया कि उनका दामाद अक्सर बेटी के साथ मारपीट करता था. कुछ दिन पहले पानी भरने की बात पर भी उसने नानूबाई को पीटा था. उन्होंने बताया कि घटना से एक दिन पहले नानूबाई ने खाना बनाया था, जिसमें एक रोटी जल गई थी. इसी बात पर जगदीश ने जली हुई रोटी का फोटो व्हाट्सएप पर भेजा और फोन कर कहा कि क्या हम जानवर हैं जो ऐसी जली हुई रोटी खाएं. इसके बाद उसने बेटी से झगड़ा किया और उनके बेटे से कहा कि अपनी बहन को यहां से ले जाओ.
पिता बोले- बेटी पर तेल डालकर आग लगाई
मृतका के पिता भागचंद ने बताया कि गुरुवार को दामाद से फोन पर बात हुई थी. उन्होंने उससे कहा था कि यदि बेटी को रखने में दिक्कत है तो उसे मायके छोड़ जाए, लेकिन उसने गुस्से में फोन काट दिया. शुक्रवार सुबह जब वह बकरियां चराने गए थे, तब फोन आया कि बेटी को करंट लग गया है और तुरंत आ जाओ. जब वह ससुराल पहुंचे तो बेटी का शव जला हुआ पड़ा था. उनका आरोप है कि बेटी पर तेल डालकर आग लगाई गई. उन्होंने यह भी दावा किया कि कमरे में एक बड़ा जूता पड़ा था और कमरे में मल भी पड़ा मिला, जिससे उन्हें आशंका है कि बेटी के साथ मारपीट की गई होगी.
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. मायके पक्ष के आरोपों और ससुराल पक्ष के बयान सहित हर पहलू की निष्पक्ष जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी
