प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा 2025 में नए नियम लागू करने का आरोप, DPI पर अभ्यर्थियों का हंगामा

भोपाल: प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा-2025 को लेकर चयनित अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन जारी है। अभ्यर्थियों ने दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया में नियम बदले जाने का आरोप लगाते हुए लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) के सामने प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के बाद पात्रता से जुड़ी नई शर्त लागू की जा रही है, जिससे करीब 800 चयनित अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में लटक गया है।
अभ्यर्थियों के मुताबिक, कर्मचारी चयन मंडल (ESB) की भर्ती अधिसूचना में D.El.Ed और B.El.Ed के अंतिम वर्ष में पढ़ रहे छात्रों को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी गई थी। इसी आधार पर हजारों छात्रों ने आवेदन किया, परीक्षा दी और करीब 800 अभ्यर्थियों का चयन हुआ।
अब दस्तावेज सत्यापन के दौरान स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से 25 अगस्त 2025, यानी आवेदन की अंतिम तारीख तक डिग्री या अंकसूची पूरी होने का प्रमाण मांगा जा रहा है। अभ्यर्थियों का आरोप है कि यह शर्त मूल भर्ती नोटिफिकेशन में नहीं थी और चयन प्रक्रिया शुरू होने के बाद इसे लागू किया गया है।
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों की मांग है कि उन्हें भर्ती अधिसूचना में दिए गए मूल नियमों के आधार पर दस्तावेज सत्यापन का मौका दिया जाए। उनका कहना है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।
अभ्यर्थियों के विरोध के बीच अब सवाल यह है कि क्या विभाग उनकी मांग पर कोई रास्ता निकालेगा या प्राथमिक शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया और लंबी खिंचेगी। फिलहाल इस पूरे मामले पर स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से आधिकारिक स्पष्टीकरण का इंतजार है।

Next Post

पॉक्सो एक्ट का फरार आरोपी एक माह बाद हरिशंकरपुरम से गिरफ्तार

Fri Aug 7 , 2026
ग्वालियर: महिला एवं बाल अपराधों के लंबित मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह (भापुसे) के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत झांसी रोड थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के मामले में करीब एक माह से फरार चल रहे आरोपी आलोक चढ़ार […]

You May Like