कलेक्टर ने छात्रावासों का किया निरीक्षण, बच्चों से किया आत्मीय संवाद

सीधी : कलेक्टर विकास मिश्रा ने मंगलवार को कुसमी प्रवास के दौरान आदिवासी सीनियर बालक छात्रावास क्रमांक-2, उत्कृष्ट सीनियर बालक छात्रावास क्रमांक-1 तथा सीनियर अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने छात्रावासों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था, अध्ययन कक्ष एवं विद्यार्थियों के रहने की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने छात्र-छात्राओं से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य, छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं तथा दैनिक दिनचर्या की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन करने, अनुशासन बनाए रखने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने छात्रावास अधीक्षकों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन निर्धारित मीनू के अनुसार उपलब्ध कराया जाए।

छात्रावास परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, पेयजल, विद्युत एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि छात्रावासों का वातावरण ऐसा हो, जिससे विद्यार्थियों को घर जैसा सुरक्षित एवं सकारात्मक माहौल मिल सके। उन्होंने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य परीक्षण, नियमित उपस्थिति, शैक्षणिक प्रगति तथा आवश्यक अध्ययन सामग्री की उपलब्धता की भी समीक्षा की। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए तथा उनकी शिक्षा और सर्वांगीण विकास से संबंधित सभी व्यवस्थाएं सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित की जाएं। निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत ज्ञानेंद्र मिश्रा, छात्रावास अधीक्षक एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Next Post

स्वदेशी उत्पाद एवं योग को जीवन में करें शामिल - रीती पाठक

Wed Aug 5 , 2026
सीधी: आचार्य बालकृष्ण का जन्मोत्सव मंगलवार को जिला मुख्यालय में जड़ी-बूटी दिवस के रूप में उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में औषधीय पौधों के संरक्षण, आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर विभिन्न औषधीय पौधों का रोपण एवं वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में मुख्य […]

You May Like

Play sound