रूस में समुद्र तट पर यूक्रेनी ड्रोन का मलबा गिरने से सात की मौत

मॉस्को, 04 अगस्त (वार्ता) रूस के दक्षिणी हिस्से में काला सागर तट पर स्थित गेलेंदझिक शहर के एक व्यस्त समुद्र तट पर सोमवार को यूक्रेनी ड्रोन का मलबा गिरने से कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और 58 अन्य घायल हो गये। रूसी समाचार एजेंसी तास ने मंगलवार को रूस की बाल अधिकार आयुक्त के हवाले से बताया कि मृतकों में चार बच्चे शामिल हैं। अधिकारियों ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि घटना रूसी वायु रक्षा प्रणाली द्वारा ड्रोन को मार गिराए जाने के कारण हुई या ड्रोन स्वयं समुद्र तट पर आकर गिरा। क्रास्नोदार क्षेत्र के गवर्नर वेनियामिन कोंद्रात्येव ने कहा कि समुद्र तट पर मौजूद लोगों की मौत उस समय हुई जब एक मानवरहित विमान (यूएवी) का मलबा वहां आ गिरा।

तास के अनुसार घटना में घायल 58 लोगों में से कई अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं। श्री कोंद्रात्येव ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। इस बीच, सीएनएन ने यूक्रेन सरकार के ‘सेंटर फॉर काउंटरिंग डिसइन्फॉर्मेशन’ के प्रमुख एंड्री कोवालेन्को के हवाले से कहा कि यह घटना रूसी वायु रक्षा प्रणाली की कार्रवाई का परिणाम थी, जिसमें समुद्र तट के ऊपर ड्रोन को मार गिराने के बाद उसका मलबा वहां छुट्टियां मना रहे लोगों पर जा गिरा।उन्होंने आरोप लगाया कि रूसी अधिकारी अक्सर हवाई हमले की चेतावनी को छिपाते हैं या नागरिकों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाते।

.....

Next Post

सरदार पटेल कॉलेज की छात्रा ने जहरीला पदार्थ पिया , अस्पताल पहुंचीं विधायक मुंजारे, उच्च स्तरीय जांच की मांग

Tue Aug 4 , 2026
बालाघाट। बालाघाट के शहीद भगत सिंह जिला चिकित्सालय में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सरदार पटेल यूनिवर्सिटी से संबद्ध आयुर्वेदिक कॉलेज, डोंगरिया की आयुर्वेद विभाग की एक छात्रा को गंभीर अवस्था में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार छात्रा ने कॉलेज की लैब में […]

You May Like