सिंगरौली :मोरवा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-4 स्थित लाल कॉलोनी के विस्थापन को लेकर लंबे समय से बनी असमंजस की स्थिति अब समाप्त होती नजर आ रही है। नगर निगम ने लाल कॉलोनी में निवासरत परिवारों को भू-स्वामी मानते हुए एनसीएल को पत्र भेज दिया है। इस पहल के बाद यहां के पात्र परिवारों को विस्थापन, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन पैकेज का संपूर्ण लाभ मिलने की संभावना प्रबल हो गई है।
सिंगरौली विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष वीरेंद्र गोयल ने बताया कि लाल कॉलोनी के विस्थापन संबंधी विषय पर उन्होंने नगर निगम आयुक्त से विस्तृत चर्चा की थी। इसके बाद नगर निगम ने पिछले सप्ताह एनसीएल को पत्र जारी कर लाल कॉलोनी के निवासियों को भू-स्वामी के रूप में मान्यता देते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में एनसीएल की ओर से संबंधित नोटिस जारी किए जाने की प्रक्रिया शेष है। नगर निगम और एनसीएल के बीच समन्वय स्थापित कर शीघ्र ही नोटिस जारी कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि विस्थापन की प्रक्रिया आगे बढ़ सके।
