सतना: पवित्र श्रावण मास के प्रथम दिवस गुरुवार को सतना लोकसभा क्षेत्र के सांसद गणेश सिंह ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से सौजन्य भेंट कर विभिन्न जनहित एवं विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। यह मुलाकात आत्मीय वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें सतना लोकसभा क्षेत्र के विकास, धार्मिक पर्यटन, सिंचाई परियोजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। सांसद गणेश सिंह ने प्रधानमंत्री से भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट को राष्ट्रीय सांस्कृतिक धरोहर के रूप में विकसित करने तथा श्रीराम वनगमन मार्ग के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व के वैज्ञानिक निर्धारण के लिए विशेषज्ञ समिति गठित करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि इससे चित्रकूट की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई मजबूती मिलेगी। बैठक में सांसद ने माँ नर्मदा के पवित्र जल को सतना लोकसभा क्षेत्र की लगभग १.४५ लाख हेक्टेयर कृषि भूमि तक सिंचाई के लिए पहुंचाने की दिशा में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी भी प्रधानमंत्री को दी। इसके साथ ही सतना शहर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए तीन नए फ्लाईओवरों के निर्माण तथा सतना-सेमरिया-प्रयागराज मार्ग को भारतमाला परियोजना में शामिल किए जाने का अनुरोध भी किया। सांसद ने प्रधानमंत्री को आगामी १७ सितंबर को आयोजित होने वाले दिव्यांग सेवा शिविर तथा जनता की सुविधा के लिए शुरू किए गए सांसद सुविधा केंद्र की जानकारी भी दी।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने सांसद द्वारा संचालित नि:शुल्क चलित चिकित्सा अस्पतालों की सराहना करते हुए विशेष रूप से महिलाओं के स्वास्थ्य पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। उन्होंने स्तन कैंसर की समय पर पहचान, जनजागरूकता और प्रभावी उपचार सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने सतना लोकसभा क्षेत्र में संचालित अन्य विकास कार्यों की भी जानकारी ली और जनकल्याण के कार्यों को निरंतर गति देने के लिए सांसद को प्रेरित किया। भेंट के बाद सांसद गणेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री से प्राप्त आत्मीय मार्गदर्शन, स्नेह और प्रोत्साहन उनके लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सुझावों के अनुरूप क्षेत्र के विकास और जनसेवा के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। इस अवसर पर सांसद के साथ उनके सुपुत्र विकल्प सिंह एवं पुत्रवधू सोनम सिंह भी उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रधानमंत्री से आशीर्वाद प्राप्त किया।
