भोपाल। रोशनपुरा चौराहे पर विभिन्न जिलों से आए किसानों ने अपनी तीन प्रमुख मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में जुटे किसानों ने सरकार से मांगों पर स्पष्ट और ठोस निर्णय लेने की मांग की। इस दौरान रोशनपुरा चौराहा अस्थायी सभा स्थल में तब्दील हो गया, जहां किसान लगातार मंत्रालय में चल रही मंत्री समूह और किसान प्रतिनिधियों की बैठक की जानकारी लेते रहे।
किसानों का कहना है कि सरकार के साथ होने वाली वार्ता के परिणाम के आधार पर ही आंदोलन की आगे की रणनीति तय की जाएगी। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहे और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर तैनात रहे। अब सभी की निगाहें मंत्रालय में चल रही बैठक के नतीजे पर टिकी हैं, जिससे किसानों के आंदोलन की अगली दिशा तय होने की संभावना है।
