इंदौर: नगर निगम द्वारा एक पेड़ मां के नाम अभियान में मंगलवार को शहर के पश्चिम क्षेत्र में अहिल्या उपवन में पौधारोपण किया गया. इस दौरान महापौर ने सपत्नीक स्कूली बच्चों, सामाजिक संस्थाओं और संगठन के साथ 21 हजार पौधे लगाने की शुरुआत की.एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत आज शहर के अहिल्या उपवन में 21 हजार पौधों लगाने का शुभारंभ किया गया. इस मौके पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने सपत्नीक पौधारोपण किया. अहिल्या उपवन में स्कूली विद्यार्थियों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर फल वाटिका में विभिन्न प्रजातियों के फलदार पौधों का रोपण किया गया.
इस अवसर पर महापौर भार्गव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों को संरक्षित कर उन्हें वृक्ष बनाना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है. नगर निगम इसी सोच के साथ कार्य कर रहा है. उन्होंने बताया कि शहर में विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों के दौरान जिन वृक्षों को हटाना पड़ा, उनकी क्षतिपूर्ति के रूप में अहिल्या उपवन में 5 से 8 फीट ऊंचाई के फलदार पौधे लगाए जा रहे हैं. इन पौधों को विकसित कर इस पूरे क्षेत्र को डेंस फॉरेस्ट फल वाटिका के रूप में तैयार किया जाएगा. कार्यक्रम में महामंडलेश्वर दादू महाराज, पूर्व महापौर कृष्णमुरारी मोघे, एमआईसी सदस्य अभिषेक शर्मा, अश्विनी शुक्ल, राजेंद्र राठौर, मनीष शर्मा, पार्षद शानू शर्मा, हरप्रीत कौर लूथरा,कंचन गिदवानी, भारत रघुवंशी, महापौर प्रतिनिधि भारत पारख सहित विभिन्न स्कूलों के बच्चों , सामाजिक संगठनों एवं बड़ी संख्या में रहवासी मौजूद थे.
एजेंसी द्वारा किया जाएगा संरक्षण
महापौर ने बताया कि पौधों के संरक्षण हेतु आगामी तीन वर्षों तक उद्यान एवं पौधों की नियमित देखरेख, सिंचाई एवं संरक्षण का कार्य एक अधिकृत एजेंसी द्वारा किया जाएगा, जिससे पौधे पूर्ण रूप से विकसित होकर घने वृक्षों का रूप ले सकें.
