बालाघाट:ग्राम मंझारा (भरवेली) निवासी नेशनल वॉलिंटियर सिद्धार्थ गेडाम का चयन भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा गृह मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित My Bharat Viksit Vibrant Village Programme (VVVP)-2026 के लिए राष्ट्रीय स्तर पर हुआ है। कार्यक्रम के अंतर्गत 26 जुलाई 2026 को देशभर से चयनित युवा प्रतिभागियों के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी विशेष संवाद करेंगे, जिसमें सिद्धार्थ गेडाम मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
सिद्धार्थ गेडाम इस क्षेत्र के बालाघाट, सिवनी, मंडला, नैनपुर एवं छिंदवाड़ा सहित पाँच जिलों में राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होने वाले एकमात्र युवा प्रतिभागी हैं। यह उपलब्धि जिले और पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है।
इससे पहले भी सिद्धार्थ विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट में बालाघाट का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वहीं Budget Quest-2026 में राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होकर उन्हें प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रत्यक्ष संवाद का अवसर भी प्राप्त हुआ था। वे MY Bharat के विभिन्न राष्ट्रीय युवा अभियानों और जनभागीदारी कार्यक्रमों में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
सिद्धार्थ ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुओं एवं भारत सरकार द्वारा युवाओं को दिए जा रहे अवसरों को दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के साथ पुनः संवाद का अवसर उनके लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उनकी यह सफलता ग्रामीण अंचलों के युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है और यह साबित करती है कि प्रतिभा और मेहनत के बल पर देश के सर्वोच्च मंच तक पहुंचा जा सकता है।
