इंदौर: बाणगंगा थाना क्षेत्र में पशुपालक के डेरे से रात के समय 25 बकरियां और भेड़ चोरी होने का मामला सामने आया है. पीड़ित ने आसपास तलाश करने के बाद पुलिस को शिकायत की, जिसके आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है.54 वर्षीय पशुपालक गिरधारीलाल देवासी निवासी राजस्थान, वर्तमान में इंदौर के लवकुश चौराहा क्षेत्र में डेरा डालकर बकरी और भेड़ पालन का काम करते हैं.
उन्होंने बताया कि रात वह अपनी बकरियों और भेड़ों के साथ खेत में बने डेरे पर थे. रात करीब 2 बजे तक सभी पशु डेरे में मौजूद थे. सुबह करीब 6 बजे उठकर देखा तो 15 बकरियां और 10 भेड़ें गायब थीं. काफी तलाश करने के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला. थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर ने बताया कि पीड़ित ने आशंका जताई कि कोई अज्ञात व्यक्ति रात में पशुओं को चोरी कर ले गया. शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से चोरों की तलाश शुरू कर दी है.
