सतना : सप्ताह भर के सूखे के बाद पिछले 3 दिनों से मानसून जिले पर मेहरबान बना हुआ है. हलांकि दो दिनों तक हुई बारिश के बावजूद भी उमस ने हलाकन किए रखा था. लेकिन सोमवार दोपहर बाद हुई झमाझम बारिश से शहर सहित समूचा जिला सराबोर होता नजर आया.मौसम कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को रात में साढ़े 8 बजे तक शहर में कुल 42.9 मिमी बारिश दर्ज कर ली गई.
हलांकि दोपहर तक बादलों के जमघट के बावजूद भी उमस बरकरार रही. लेकिन दोपहर के लगभग 2 बजे बारिया का दौर शुरु हो गया. जो कि देर शाम तक रुक रुक कर जारी रहा. जिसका नतीजा यह हुआ कि सोमवार को शहर में दिन का अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. इस लिहाज से इसमें पिछले 24 घंटे में जहां 1.4 डिग्री की कमी दर्ज हुई वहीं यह सामान्य की तुलना में 0.8 डिग्री नीचे पहुंच गया.
हलांकि सोमवार को हुई झमाझम बारिश की वजह से हवा में नमी की मात्रा बढक़र 97 से 98 प्रतिशत तक पहुंच गई. लेकिन इसके बावजूद भी हवा में घुली ठंडक से उमस से काफी हद तक लोगों को राहत मिली. वहीं झमाझम बारिश का दौर शुरु होते ही सोयाबीन और धान की बोवनी कर रहे किसानों के चेहरे खिल उठे. लेकिन बारिश का साइड इफेक्ट शहर के प्रमुख स्थानों पर जल भराव के साथ-साथ घंटो सिर दर्द बने रहे विद्युत फाल्ट के तौर पर भी देखने को मिला.
