रिंग रोड प्रभावित किसान 20 जुलाई को भोपाल कूच करेंगे, चार गुना मुआवजे सहित कई मांगें उठाएंगे

इंदौर। रिंग रोड परियोजना से प्रभावित किसान 20 जुलाई को क्षिप्रा से 800 ट्रैक्टरों और इतने ही वाहनों के काफिले के साथ भोपाल कूच करेंगे। करणी सेना के नेतृत्व में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर किसान भूमि अधिग्रहण से जुड़ी विभिन्न मांगों को सरकार के समक्ष रखेंगे। इसकी जानकारी शनिवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में करणी सेना के ऋषिराज सिसोदिया पदाधिकारियों और प्रभावित किसानों ने दी।

 

प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि रिंग रोड परियोजना से इंदौर जिले की सांवेर, हातोद और देपालपुर तहसील के 39 गांवों के करीब एक हजार किसान प्रभावित हैं। किसानों का कहना है कि भूमि अधिग्रहण के बावजूद अब तक कई स्थानों पर सर्विस रोड का निर्माण शुरू नहीं किया गया है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन और खेती-किसानी में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

 

प्रभावित किसानों ने अधिग्रहित भूमि का चार गुना मुआवजा देने और नेशनल हाईवे के दोनों ओर सर्विस रोड का निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि वर्तमान मुआवजा उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं है और प्रभावित किसानों के हितों का समुचित ध्यान रखा जाना चाहिए।

 

मुख्यमंत्री को सौंपे जाने वाले ज्ञापन में भूमिहीन होने वाले किसानों के लिए विशेष पुनर्वास एवं रोजगार पैकेज, भूमि अधिग्रहण से जुड़े विवादों का निष्पक्ष निराकरण, इंटरचेंज निर्माण के नाम पर अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण पर रोक, किसानों को समय पर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने, खाद की कीमतों में राहत तथा नीलगाय एवं अन्य जंगली पशुओं से फसलों की सुरक्षा के लिए स्थायी समाधान की मांग भी शामिल रहेगी।

 

करणी सेना ओर किसानो ने कहा कि किसान विकास कार्यों के विरोधी नहीं हैं। वे प्रदेश के विकास में अपनी भागीदारी देने के पक्षधर हैं, लेकिन उनकी भूमि के बदले उचित मुआवजा और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भोपाल कूच का उद्देश्य किसानों की समस्याओं और मांगों को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।

Next Post

युवक ने घर में फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिजन एक दिन पहले उदयपुर से मानसिक बीमारी का इलाज कराकर लौटे थे

Sat Jul 18 , 2026
नीमच। ग्वालटोली स्थित प्रजापति मोहल्ले में शनिवार को एक 40 वर्षीय युवक ने अपने घर की तीसरी मंजिल पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक की पहचान ग्वालटोली निवासी अनिल प्रजापति (40) पुत्र मदनलाल प्रजापति के रूप में हुई है। परिवार के लोगों ने जब घर की तीसरी मंजिल पर […]

You May Like