तेहरान 17 जुलाई (स्पूतनिक/वार्ता) ईरान के होरमोज़गान प्रांत के बंदर खमीर क्षेत्र में दो पुलों पर अमेरिकी हवाई हमलों में सात नागरिकों की मौत हो गयी और अन्य नौ के घायल हो गये हैं। ईरानी मीडिया ने यह दावा किया है। सरकारी प्रसारक आईआरआईबी के अनुसार, अमेरिकी हवाई हमलों में काहूरस्तान गांव के निकट स्थित एक पुल और शूर नदी पर बने दूसरे पुल को निशाना बनाया गया। वहीं, इन हमलों में सात लोगों के मारे जाने और नौ के घायल होने की सूचना मिली है।
इससे पहले फार्स समाचार एजेंसी ने बताया था कि बंदर अब्बास को लार शहर से जोड़ने वाला प्रमुख काहूरस्तान पुल अमेरिकी हमले में क्षतिग्रस्त हो गया। यातायात बहाल करने के लिए सड़क निर्माण एजेंसियां वैकल्पिक मार्ग तैयार करने और पुल की मरम्मत का कार्य कर रही हैं। इन दावों की हालांकि पुष्टि नहीं हुई है और अमेरिका की ओर से इस संबंध में तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

