भोपाल: जिला बार एसोसिएशन के चुनाव के लिए आज जिला अदालत परिसर में मतदान हो रहा है। करीब 6 हजार अधिवक्ता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर बार को नया नेतृत्व चुन रहे हैं। इस बार अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह सचिव, कोषाध्यक्ष, कार्यकारिणी सदस्य, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य और कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य समेत 8 पदों के लिए चुनाव कराया जा रहा है। चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए 6 उम्मीदवार, सचिव पद के लिए 4 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि सभी पदों के लिए कुल 100 नामांकन दाखिल किए गए थे। मतदान के बाद मतगणना होगी और 17-18 जुलाई को परिणाम घोषित किए जाएंगे।
इस बार चुनाव में केवल पदों की लड़ाई नहीं, बल्कि जिला अदालत की बुनियादी सुविधाएं भी सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा बन गई हैं। नए अधिवक्ताओं का कहना है कि कोर्ट परिसर में उनके लिए बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। अधिकांश युवा वकीलों को आज भी अपने वरिष्ठों के चैंबर में बैठकर काम करना पड़ता है। इसके अलावा पार्किंग की कमी, पीने के पानी की समस्या और अदालत परिसर में मूलभूत सुविधाओं का अभाव भी लंबे समय से बना हुआ है।
वहीं, महिला अधिवक्ताओं ने गंदे वॉशरूम, महिला कॉमन रूम की कमी और सैनिटरी पैड जैसी आवश्यक सुविधाओं के अभाव को प्रमुख मुद्दा बताया है। उनका कहना है कि बार एसोसिएशन का नया नेतृत्व इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए।
अधिवक्ताओं का साफ कहना है कि इस बार उनका वोट उसी उम्मीदवार को मिलेगा, जो बार की गरिमा बनाए रखने के साथ युवा और महिला वकीलों की समस्याओं का समाधान करेगा। ऐसे में भोपाल बार चुनाव सिर्फ नए पदाधिकारियों के चयन तक सीमित नहीं है, बल्कि जिला अदालत की व्यवस्थाओं में सुधार की उम्मीदों का भी चुनाव बन गया है।
