
जबलपुर। एनडीआरएफ की 11वीं वाहिनी जिले में मानसून पूर्व तैनाती के तहत रानीताल स्थित यूथ हॉस्टल में तैनात हैं। एनडीआरएफ की टीम ने रांझी के लक्ष्मी नारायण यादव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया। इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्कूल स्टाफ को प्राकृतिक व मानवजनित आपदाओं के प्रति जागरूक करना था। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षा उपायों, प्राथमिक उपचार और जीवन रक्षक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर किसी भी आपदा के समय होने वाले नुकसान को कम करना था। आयोजन के दौरान एनडीआरएफ के कुशल बचावकर्मियों ने भूकंप, अग्निकांड, बाढ़ और करंट लगने जैसी आपात स्थितियों से सुरक्षित निकलने के तौर-तरीके सिखाए। टीम ने दिल का दौरा पडऩे पर दी जाने वाली सीपीआर पद्धति और प्राथमिक उपचार की तकनीकों का सजीव प्रदर्शन भी किया।
