नयी दिल्ली, 14 जुलाई (वार्ता) चालू वित्त वर्ष में 01 अप्रैल से 13 जुलाई तक प्रत्यक्ष कर संग्रह पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 16.11 प्रतिशत बढ़कर 7,73,682 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
आयकर विभाग की वेबसाइट पर मंगलवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, चालू वित्त वर्ष में 13 जुलाई तक कुल गैर-कॉर्पोरेट कर संग्रह 4,11,854 करोड़ रुपये और कॉर्पोरेट कर संग्रह 3,35,386 करोड़ रुपये रहा। प्रतिभूतियों के लेनदेन पर कर से 26,429 करोड़ रुपये की राजस्व प्राप्ति हुई है जबकि अन्य कर प्राप्ति 12.65 करोड़ रुपये दर्ज की गयी।
सरकार ने इस दौरान 1,22,491.87 करोड़ रुपये का रिफंड जारी किया है। यह पिछले साल की इसी अवधि से 14.57 फीसदी अधिक है। इसमें कॉर्पोरेट को 95,145 करोड़ रुपये और गैर-कॉर्पोरेट को 27,332.57 करोड़ रुपये जारी किये गये हैं। रिफंड की राशि घटाने के बाद शुद्ध प्रत्यक्ष कर संग्रह 6,51,190 करोड़ रुपये हो गया। यह सालाना आधार पर 16.40 प्रतिशत की बढ़त है। गैर-कॉर्पोरेट करदाताओं से 3,84,521 करोड़ रुपये और कॉर्पोरेट करदाताओं से 2,40,242 करोड़ रुपये का प्रत्यक्ष कर संग्रह हुआ है।

