दमोह। शहर के शासकीय ईजेएफ जेपीबी स्कूल हॉस्टल में रहने वाली पांच छात्राओं की मंगलवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। छात्राओं को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत होने पर तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। छात्राओं के अनुसार, सुबह नाश्ते या भोजन में मूंग दाल, चावल और रोटी खाने के कुछ समय बाद उनकी तबीयत खराब होने लगी। इसके बाद हॉस्टल प्रबंधन और स्कूल प्रशासन ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
जिला अस्पताल में दो छात्राओं का इलाज जारी है, जबकि तीन छात्राओं को प्राथमिक उपचार के बाद हॉस्टल वापस भेज दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्कूल के शिक्षक और हॉस्टल स्टाफ अस्पताल पहुंचे और छात्राओं की स्थिति की जानकारी ली। स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और छात्राओं के बीमार होने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल सभी छात्राओं की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
