
जबलपुर: ओमती थाना अंतर्गत घंटाघर चौक पर अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए सड़क किनारे खड़े एक ई-रिक्शा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा बीच सड़क पर पलट गया, जिससे उसका चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद कार चालक ने मौके से भागने का प्रयास किया, जिस दौरान उसने वहां खड़ी एक अन्य गाड़ी को भी अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ई-रिक्शा चालक ओमती थाने के ठीक सामने घंटाघर के पास अपने वाहन के साथ खड़ा हुआ था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।टक्कर लगने के कारण ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया। इस हादसे में ई-रिक्शा चालक के शरीर में गंभीर चोटें आई हैं। घायल को तुरंत विक्टोरिया अस्पताल रवाना किया गया। हादसे के बाद आरोपी कार चालक ने रुकने के बजाय मौके से भागने का प्रयास किया। हड़बड़ाहट में उसने वहां खड़ी एक अन्य गाड़ी को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।
