सीधी: जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक चाचा ने अपनी ही नाबालिग भतीजी को घर में अकेला पाकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घटना के समय पीड़िता के माता-पिता खेत में काम करने गए हुए थे।जानकारी के अनुसार पीड़िता ने घटना के बाद अपनी सहेली को फोन कर पूरी जानकारी दी, जिसके बाद सहेली के माध्यम से पीड़िता के माता-पिता को घटना की सूचना मिली।
परिजनों ने तत्काल डायल-112 पर शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और पीड़िता को उपचार एवं चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल सीधी लाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही सेमरिया पुलिस सक्रिय हुई और पीड़िता एवं परिजनों के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
इनका कहना है
घटना की जानकारी प्राप्त होते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
केदार परौहा , थाना प्रभारी सेमरिया
इनका कहना है-
सेमरिया थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच एवं अन्य आवश्यक कार्रवाई नियमानुसार जारी है।
श्रीमती कमला जोशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीधी
