सड़क हादसे में ठेकेदार की मौत, चार ने फांसी लगाकर दी जान

इंदौर:शहर में अलग अलग घटनाओं में एक ठेकेदार की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि चार लोगों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. खजराना में तेज रफ्तार कार की टक्कर से ठेकेदार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. वहीं कनाड़िया, छत्रीपुरा और भंवरकुआं थाना क्षेत्रों में आत्महत्या की अलग अलग घटनाएं सामने आई हैं. सभी मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.

खजराना थाना क्षेत्र में मयूर अस्पताल के पास रविदास नगर निवासी 41 वर्षीय विश्राम पिता करतार सिंह काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. राहगीरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. विश्राम मकान निर्माण का ठेका लेते थे. उनके परिवार में पत्नी, तीन बच्चे और माता पिता हैं. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर फरार कार चालक की तलाश कर रही है. कनाड़िया थाना क्षेत्र की भूरी टेकरी स्थित आईडीए मल्टी में रहने वाले ठेकेदार भीमसिंह ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.

परिजनों का कहना है कि एक महिला उन पर पत्नी और बच्चों को छोड़कर शादी करने का दबाव बना रही थी. उनका आरोप है कि इसी तनाव के चलते भीमसिंह ने यह कदम उठाया, पुलिस मामले की जांच कर रही है. वहीं छत्रीपुरा थाना क्षेत्र के सिलवाटपुरा में 25 वर्षीय प्रियांशु पिता वीरेंद्र राठौर ने घर में फांसी लगा ली. वह कपड़े की दुकान पर नौकरी करता था. आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है.

इसी थाना क्षेत्र के बाल विनय मंदिर स्कूल के पास स्थित पुलिस लाइन में रहने वाले आदित्य पिता ब्रजेश ने भी फांसी लगाकर जान दे दी. दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. जबकि भंवरकुआं थाना क्षेत्र में आईटी पार्क के पास निर्माणाधीन इमारत में मजदूरी करने वाली 28 वर्षीय पूजा पति सुखदेव ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. पूजा हरदा की रहने वाली थी और कुछ समय से इंदौर में रहकर मजदूरी कर रही थी. पुलिस सभी आत्महत्या के मामलों में कारणों की पड़ताल कर रही है.

Next Post

राजघराने से जुड़े घनश्याम सिंह ने कांग्रेस का उम्मीदवार बनते ही भाजपा प्रत्याशी पर बोला हमला, नरोत्तम से ज्यादा भ्रष्ट बताया

Sun Jul 12 , 2026
दतिया: दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने पूर्व विधायक और दतिया राजघराने से जुड़े घनश्याम सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है. टिकट मिलने के बाद उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने उन्हें कार्यकर्ताओं की राय और सर्वे के आधार पर प्रत्याशी बनाया है. घनश्याम सिंह ने कहा कि उनकी […]

You May Like