
मंदसौर। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा परिवार कल्याण कार्यक्रम के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ मध्यप्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति की उपसंचालक श्रीमती राधिका गुप्ता एवं सहायक संचालक श्री वैभव पाटील ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली, जहां परिवार नियोजन, सीमित परिवार और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति नागरिकों को जागरूक किया गया।
जिला मीडिया अधिकारी डॉ. एम.एल. कश्यप ने बताया कि विश्व जनसंख्या दिवस अभियान-2026 के तहत 11 से 18 जुलाई तक जिले में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस दौरान शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों पर परिवार कल्याण संबंधी सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध रहेंगी।
रैली में सामाजिक कार्यकर्ता बंशीलाल टॉक, आरएमओ डॉ. सौरव मंडवारिया, डॉ. निशांत शर्मा, डॉ. कमलेश कुमावत सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शासकीय नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राएं एवं आशा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अभियान के दौरान उपलब्ध निःशुल्क परिवार कल्याण सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।
