नयी दिल्ली, 11 जुलाई (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित विभिन्न नेताओं ने शनिवार को वियतनाम में नाव दुर्घटना में भारतीय पर्यटकों की मौत पर शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
श्रीमती मुर्मु ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “वियतनाम में नाव दुर्घटना की खबर से दुखी हूँ, जिसमें कई भारतीय नागरिकों की जान चली गयी। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ। मैं घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करती हूँ।”
श्री राधाकृष्णन ने इस हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए एक्स पर लिखा, “वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास भारतीय नागरिकों को लेकर जा रही नाव के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ, जिसमें कई कीमती जानें गयीं।इस दुख की घड़ी में दुखी परिवारों के साथ मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के जल्दी और पूरी तरह ठीक होने की प्रार्थना करता हूं और इस दुखद घटना से प्रभावित सभी लोगों के लिए ताकत और हिम्मत की कामना करता हूं।
श्री मोदी ने कहा, “वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के पास भारतीय नागरिकों की नाव के दुर्घटनाग्रस्त होने की दुखद खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायल बचे लोगों के जल्द ठीक होने की मैं प्रार्थना करता हूं। हमारा दूतावास और वाणिज्य दूतावास हर संभव मदद पहुंचा रहे हैं। हमारे अधिकारी वियतनाम के अधिकारियों के भी लगातार संपर्क में हैं।”
श्री बिरला ने कहा, “वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास दुखद नाव हादसे में भारतीय नागरिकों की मृत्यु से दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया। मैं घायलों के जल्दी ठीक होने और इस दुखद घटना से प्रभावित सभी लोगों को हिम्मत और शक्ति देने के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।
उल्लेखनीय है कि वियतनाम में भारतीय पर्यटकों से भरी एक नौका के शनिवार को समुद्र में पलट जाने से 15 भारतीयों की मौत हो गयी और 17 अन्य यात्रियों तथा चालक दल के चार वियतनामी सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे इस हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि यह हादसा अत्यंत दुखद है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और लापता लोगों के सकुशल मिलने की प्रार्थना करते हुए उनके परिवारों को इस कठिन समय में धैर्य और साहस प्रदान करने की कामना की।
उन्होंने विदेश मंत्रालय से अपील की है कि वह वियतनाम के अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाये रखे, बचाव अभियान की करीबी निगरानी करे और प्रभावित भारतीय परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराये।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और कहा कि लापता लोगों तथा उनके परिजनों की पीड़ा अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय से आग्रह किया कि वे वियतनाम के अधिकारियों के साथ मिलकर बचाव अभियान में हरसंभव प्रयास सुनिश्चित करें तथा प्रभावित भारतीय परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध करायें।
