बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में खेत की जुताई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। रानीपुर थाना क्षेत्र के पांढरा गांव में ट्रैक्टर पलटने से उसके चालक 45 वर्षीय अनिल भलावी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, अनिल भलावी शुक्रवार दोपहर एक खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। ट्रैक्टर के नीचे दबने से अनिल गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें बचाने की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही रानीपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर के नीचे दबे चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए घोड़ाडोंगरी अस्पताल भेज दिया।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ट्रैक्टर का अनियंत्रित होकर पलटना बताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
