छिंदवाड़ा: जिले के बिछुआ तहसील के ग्राम सुरेवानी में बाघ के हमले की घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार गांव निवासी फागलाल सुबह करीब 10 बजे अपने मवेशियों को चराने के लिए जंगल की ओर गया था। इसी दौरान पेंच नेशनल पार्क की बफर सीमा में उस पर बाघ ने हमला कर दिया। हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और वन विभाग तथा पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना के बाद वन विभाग और पुलिस का दल मौके पर पहुंचा और पंचनामा सहित अन्य आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया भी की गई। घटना के बाद सुरेवानी और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से बफर क्षेत्र में बढ़ती बाघों की गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। वहीं अधिकारियों ने लोगों से जंगल में अकेले न जाने और मवेशी चराने के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।
