सतना:जिले के शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान आईटीआई में सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया का पहला चरण शुरू हो गया है। प्रथम राउंड का सीट आवंटन जारी कर दिया गया है।शासकीय आईटीआई संस्थानों में प्रवेश के लिए प्रथम चरण का सीट आवंटन जारी होने के साथ ही प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। प्रथम राउंड में चयनित अभ्यर्थियों को 9 जुलाई से 11 जुलाई तक निर्धारित समयावधि में संबंधित आईटीआई संस्थान में उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा तथा प्रवेश की औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।
निर्धारित तिथि तक प्रवेश नहीं लेने वाले अभ्यर्थियों की आवंटित सीट निरस्त की जा सकती है। ऐसे में चयनित विद्यार्थियों को समय सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ संस्थान पहुंचने की सलाह दी गई है। प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद रिक्त सीटों के लिए अगले चरण की काउंसलिंग एवं सीट आवंटन की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएगी।
सतना शासकीय आईटीआई के प्राचार्य अजय सिंह बागरी ने बताया कि प्रथम चरण का सीट आवंटन जारी कर दिया गया है। चयनित अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश प्रक्रिया 9 जुलाई से शुरू हो गई है, जो 11 जुलाई तक चलेगी। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ संस्थान में उपस्थित होकर प्रवेश की सभी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।
