8 से 15 जुलाई तक इंदौर के कॉलेजों में लगेगा प्रवेश मेला

इंदौर: उच्च शिक्षा विभाग ने अतिरिक्त सीएलसी राउंड के तहत रिक्त सीटों पर अधिक से अधिक विद्यार्थियों को प्रवेश दिलाने के लिए 8 से 15 जुलाई तक जिले के सभी शासकीय, अशासकीय और निजी महाविद्यालयों में प्रवेश मेला आयोजित करने का निर्णय लिया है. मेले में विद्यार्थियों को पंजीयन, चॉइस फिलिंग एवं संशोधन, दस्तावेज सत्यापन, सीट आवंटन संबंधी मार्गदर्शन और शुल्क जमा करने सहित प्रवेश प्रक्रिया की सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी. प्रवेश मेला प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगा.
महाविद्यालयों को निर्देश दिए गए हैं कि पोर्टल पर लंबित पंजीयन, दस्तावेज सत्यापन या प्रवेश प्रस्ताव मिलने के बावजूद शुल्क जमा नहीं करने वाले विद्यार्थियों से व्यक्तिगत संपर्क कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए और उन्हें प्रवेश के लिए प्रेरित किया जाए. जिन पाठ्यक्रमों और संकायों में सीटें अधिक रिक्त हैं, वहां विशेष प्रयास किए जाएंगे. साथ ही विषय चयन और चॉइस संशोधन के संबंध में विद्यार्थियों को आवश्यक परामर्श भी दिया जाएगा.

स्थानीय विद्यालयों, जनप्रतिनिधियों, पालकों और पूर्व विद्यार्थियों के सहयोग से प्रवेश जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा. प्रत्येक महाविद्यालय में प्राचार्य प्रतिदिन प्रवेश प्रक्रिया की समीक्षा करेंगे, जबकि जिला नोडल अधिकारी अधिक रिक्त सीट वाले कॉलेजों की विशेष निगरानी करेंगे. विभाग ने निर्देश दिए हैं कि प्रवेश मेला केवल औपचारिक आयोजन न होकर ‘अधिकतम प्रवेश, उसी दिन प्रवेश’ की कार्यप्रणाली पर संचालित किया जाए, ताकि अतिरिक्त सीएलसी राउंड में अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों को प्रवेश का लाभ मिल सके.

Next Post

हजारों छात्रों का इलाका, लेकिन मूलभूत सुविधाओं की कमी

Thu Jul 9 , 2026
इंदौर: शहर का भंवरकुआं क्षेत्र प्रदेश ही नहीं, देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले हजारों छात्रों का प्रमुख शिक्षा केंद्र माना जाता है. यहां बड़ी संख्या में कोचिंग संस्थान, हॉस्टल और पीजी संचालित हैं, लेकिन क्षेत्र में कई मूलभूत सुविधाओं की कमी छात्रों और स्थानीय रहवासियों के लिए परेशानी […]

You May Like