
पटेरा/दमोह। पटेरा तहसील में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई व सीएम हेल्पलाइन समाधान दिवस के दौरान प्रशासन ने शिकायतों के त्वरित निराकरण का एक उल्लेखनीय उदाहरण प्रस्तुत किया. कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के मार्गदर्शन व निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा मौके पर ही उनका निराकरण करने का प्रयास किया गया.
कार्यक्रम में पटेरा तहसीलदार उमेश तिवारी, नायब तहसीलदार मानसी अग्रवाल, नायब तहसीलदार द्वारका प्रसाद गुप्ता, तहसील के चारों मंडलों के राजस्व निरीक्षक, समस्त हल्का पटवारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.सभी अधिकारियों ने समन्वित रूप से कार्य करते हुए आमजन की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया.जनसुनवाई में करीब 70 नागरिक अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे.इनमें राजस्व, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, अतिक्रमण, भूमि अभिलेख, आय, जाति व निवास प्रमाण पत्र सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं शामिल थीं.अधिकारियों ने प्रत्येक आवेदक की शिकायत को गंभीरता से सुना और आवश्यक मामलों में तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर ही निराकरण कराया. जिन प्रकरणों में समय की आवश्यकता थी, उनके लिए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए.इस दौरान सबसे उल्लेखनीय उपलब्धि सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में देखने को मिली। एक ही दिन में 45 सीएम हेल्पलाइन शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का संतोषजनक समाधान कर उनकी शिकायतों को बंद कराया गया, जिसे तहसील स्तर पर एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है। शिकायतकर्ताओं ने समाधान से संतुष्टि व्यक्त करते हुए प्रशासन की कार्यशैली की सराहना की.तहसील प्रशासन का कहना है कि सीएम हेल्पलाइन का उद्देश्य नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध व पारदर्शी निराकरण सुनिश्चित करना है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक शिकायत की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा की जाती है और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर समाधान कराया जाता है। पटेरा तहसील में प्रत्येक मंगलवार को नियमित रूप से जनसुनवाई व सीएम हेल्पलाइन समाधान दिवस आयोजित किया जाता है.इस पहल के माध्यम से नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते, बल्कि एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर उनकी शिकायतों का निराकरण करते हैं. इससे प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास भी मजबूत हो रहा है।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं से संवाद कर उनकी समस्याओं की वास्तविक स्थिति को समझा तथा कई मामलों में मौके पर ही आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण कर समाधान उपलब्ध कराया। इससे लोगों का समय और संसाधन दोनों की बचत हुई। तहसील प्रशासन द्वारा किए गए इस प्रभावी कार्य की सराहना करते हुए एसडीएम राकेश सिंह मरकाम ने तहसील पटेरा के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि टीम भावना के साथ कार्य करने का परिणाम है कि बड़ी संख्या में शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निराकरण संभव हो सका। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करते रहने का आह्वान किया.जनसुनवाई व सीएम हेल्पलाइन समाधान दिवस के सफल आयोजन ने यह संदेश दिया कि यदि प्रशासन संवेदनशीलता, समन्वय और जवाबदेही के साथ कार्य करे तो नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है.पटेरा तहसील की यह उपलब्धि जिले की अन्य तहसीलों के लिए भी एक प्रेरणादायी उदाहरण मानी जा रही है.
