बड़ामलहरा। मध्य प्रदेश पुलिस के “सेफ क्लिक 2.0” साइबर जागरूकता अभियान के तहत बड़ामलहरा में युवाओं और विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से साइबर जागरूकता दौड़ का आयोजन किया गया। 24 जून से 8 जुलाई तक चल रहे अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व एसडीओपी रोहित अलावा और थाना प्रभारी अरविंद सिंह दांगी ने किया। यह आयोजन पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
दौड़ बस स्टैंड से शुरू होकर स्टेडियम तक निकाली गई, जिसमें स्थानीय क्रिकेट एवं वॉलीबॉल खिलाड़ियों के साथ बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पुलिस अधिकारियों ने प्रतिभागियों के माध्यम से आम नागरिकों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की अपील की।
एसडीओपी रोहित अलावा ने 1930 हेल्पलाइन और साइबर पोर्टल की जानकारी दी
कार्यक्रम के दौरान एसडीओपी रोहित अलावा ने कहा कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या ऑनलाइन धोखाधड़ी होने पर घबराने के बजाय तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें, साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें तथा निकटतम पुलिस थाने को सूचना दें। उन्होंने लोगों से संदिग्ध कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है। खेल और शिक्षा के माध्यम से आयोजित इस अनूठे कार्यक्रम ने युवाओं को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ समाज में साइबर सुरक्षा का व्यापक संदेश भी दिया।
