
रीवा, सिरमौर थाना क्षेत्र अन्तर्गत दुलहरा गांव में जमीनी विवाद के चलते पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला किया गया. दोनो घायलों को उपचार के लिये संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. दीवार खड़ा करने के दौरान एक दिन पूर्व दोनो पक्षो में कहासुनी हुई थी और दूसरे दिन मौका पाकर चचेरे भाईयों ने जानलेवा हमला कर दिया.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक दुलहरा निवासी राजेश कुमार पाण्डेय का पुराना मकान बना हुआ है जिसके अंदर पानी जा रहा था. पानी रोकने के लिये दीवार खड़ा कर रहे थे. जिस पर चचेरे भाईयों ने गाली गलौज करते हुए विवाद शुरू कर दिया, जिसके बाद काम रोक दिया गया. दूसरे दिन रविवार को राजेश गुटखा लेने जा रहे थे तभी खुन्नस खाकर बैठे चचेरे भाईयों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया. बीच-बचाव करने पहुंचे पिता शिवकुमार पाण्डेय पर भी लाठी एवं अन्य धारदार हथियार से हमला किया. जिससे पिता-पुत्र दोनो लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गये. दोनो घायलों को उपचार के लिये संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पीडि़त राजेश पाण्डेय ने बताया कि दीवार बनाने के दौरान कहासुनी हुई थी. जिसके बाद रविवार की सुबह उनके चचेरे भाई दीवाकर, प्रभाकर, सुधाकर एवं श्रीनिवास पाण्डेय ने लाठी-डंडा और तलवार मारपीट की. जब हम पिता पुत्र लहूलुहान हो गये तो आरोपी मौके से फरार हो गये. फिलहाल पुलिस प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच कर रही है.
