
छिंदवाड़ा. आज दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया. इस दौरान उक्त स्थान पर उपस्थित अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों के कर्मचारियों को साफ तौर पर निर्देश दिया है कि वे उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में निर्माण कार्यो को पूर्व करे. मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता दोपहर के समय नागपुर से छिंदवाड़ा स्टेशन पहुंचे जहां उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत संचालित कार्यों का विस्तृत अवलोकन किया. उन्होंने स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म, यात्री प्रतीक्षालय, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, दिव्यांगजन सुविधाएँ, प्रकाश व्यवस्था, साइनेज, पार्किंग, स्वच्छता एवं स्टेशन परिसर के सौंदर्यीकरण संबंधी कार्यों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य उच्च गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन परिसरों के अतिरिक्त अधिकारी विश्राम गृह, रनिंग रूम, लोको लॉबी तथा रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट का भी निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारी विश्राम गृह एवं रनिंग रूम में उपलब्ध आवास, स्वच्छता, भोजन, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया तथा रनिंग स्टाफ के लिए बेहतर एवं आरामदायक सुविधाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. लोको लॉबी में उन्होंने क्रू बुकिंग प्रणाली, काउंसलिंग, ब्रीथ एनालाइजऱ, सुरक्षा उपकरणों एवं डिजिटल लॉबी व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए सुरक्षित एवं समयबद्ध रेल परिचालन सुनिश्चित करने पर बल दिया.
सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को देख दिए निर्देश ००००
रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट के निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने यात्रियों एवं रेलवे संपत्ति की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा एवं सुरक्षा संबंधी अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की. उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों एवं जवानों को यात्रियों की सुरक्षा तथा रेलवे परिसंपत्तियों की रक्षा के लिए सदैव सतर्क एवं संवेदनशील रहकर कार्य करने के निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने रेल पथ, पॉइंट एवं क्रॉसिंग, सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली, विद्युत परिसंपत्तियों, यार्ड व्यवस्था, संरक्षा उपकरणों एवं परिचालन संबंधी व्यवस्थाओं का भी गहन निरीक्षण किया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण, समयबद्ध अनुरक्षण तथा संरक्षा मानकों का पूर्णत: पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
जनप्रतिनिधियों से की मुलाकात ०००
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की. इस दौरान क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार, यात्री सुविधाओं में सुधार, स्टेशन विकास एवं अन्य जनहित से जुड़े विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई. उन्होंने जनप्रतिनिधियों द्वारा प्राप्त सुझावों को गंभीरता से लेते हुए यात्रियों के हित में उनका परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया.
