
सिंगरौली। सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने शुक्रवार को बैढ़न विकासखंड स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चांचर पहुंचकर नवनिर्मित विद्यालय भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भवन की गुणवत्ता, कक्षाओं, पेयजल, शौचालय सहित उपलब्ध शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। विधायक ने अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक जानकारी भी ली।
निरीक्षण के दौरान विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार अधोसंरचना का विस्तार कर रही है, ताकि ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों को भी शहरों जैसी सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक संसाधनों से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा। उन्होंने विद्यालय परिसर की स्वच्छता, सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्थाओं को बनाए रखने के निर्देश भी दिए। विधायक ने भरोसा दिलाया कि शिक्षा के क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हर संभव प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
