बैक लाइन में गंदगी का अंबार और सीवरेज लाइन चोक

इंदौर: स्वच्छता में लगातार अव्वल रहने वाले शहर इंदौर में नगर निगम की लापरवाही के चलते कई क्षेत्रों के रहवासी आज भी बैक लाइन और सीवरेज चोक होने की समस्या से जूझ रहे हैं, गंदगी और दुर्गंध ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है.मामला मिल क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 56 स्थित टापू नगर का है. क्षेत्र में घरों के पीछे बनी बैक लाइनों में गंदगी का अंबार और कई स्थानों पर सीवरेज चेंबर ओवरफ्लो होते देखे जा सकते हैं. रहवासियों के अनुसार, नियमित सफाई नहीं होने से बैक लाइनें चोक हो गई हैं.

कई बार चेंबर ओवरफ्लो होने पर उसकी समुचित सफाई करने के बजाय उसे क्षतिग्रस्त कर आउटलेट बना दिया जाता है, जिससे गंदा पानी सड़कों पर बहने लगता है. क्षेत्र में फैली दुर्गंध के साथ मच्छरों और मक्खियों का प्रकोप भी बढ़ गया है, जिससे बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है. रहवासियों का यह भी आरोप है कि सफाई कार्य में लापरवाही बरती जाती है तथा सफाई करने के एवज में पैसे की मांग की जाती है. क्षेत्रवासियों द्वारा संबंधित अधिकारियों और क्षेत्रीय पार्षद से शिकायत के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ. ऐसे में सवाल उठता है कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही आखिर कब तय होगी.

रहवासियों का कहना…

घरों के पीछे बनी गली में गंदगी साफ करने के लिए सफाई कर्मी सुनते ही नहीं हैं, इसकी वजह से कई तरह की बीमारियां हो रही हैं. गली से आने वाली दुर्गंध से भी परेशानी होती है.
– सिंधु बाई

गंदगी से बहुत परेशानी होती है. सफाई के लिए दरोगा को बोला था, उन्होंने आश्वासन भी दिया था, लेकिन ना सफाई हुई ना वह पलटकर आए. सफाई कर्मी भी नहीं आए.
– अशोक जाधव

न बेक लाइन साफ होती है ना चेंबर साफ करते हैं, सड़कों पर गंदगी फैली रहती है, जिससे मच्छर-मक्खी बहुत हो रहे हैं. अब बरसात में और परेशानी बढ़ेगी.
– किशन राव काले

चेंबर चौक होने के कारण गंदा पानी घरों में वापस आ रहा है. सफाई कर्मी को हमेशा सौ-पचास रुपए देना पड़ते हैं, वरना वो चेम्बर की सफाई ही नहीं करते.
– पुष्पा यादव

Next Post

रेत से भरे ट्रक ने कार को मारी टक्कर, 40 फीट तक घिसटती चली गई कार, सभी सवार सुरक्षित

Fri Jul 3 , 2026
कटनी: कुठला थाना क्षेत्र के अंतर्गत कटनी-दमोहे-पन्ना रोड स्थित साईं मंदिर के पास गुरुवार को एक बेहद दर्दनाक और भीषण सड़क हादसा होते-होते टल गया। यहाँ रेत से ओवरलोड भरे एक तेज रफ्तार छह चक्का ट्रक ने अपने आगे चल रही एक कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। […]

You May Like

Play sound