इंदौर: खजराना गणेश मंदिर में इन दिनों विकास कार्य तेज़ी से चल रहा है। मंदिर परिसर में खुदाई और निर्माण कार्य को देखकर कई श्रद्धालुओं के मन में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर यह काम क्यों किया जा रहा है.मंदिर के बाहर वर्षों से दुकान लगाने वाले बंधु यादव ने बताया कि यह निर्माण कार्य मंदिर के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है. उनके अनुसार, सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत मंदिर का विस्तार किया जा रहा है.
इसी योजना के तहत गर्भगृह के प्रवेश द्वार को चौड़ा किया जा रहा है, ताकि दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान हो सके और भीड़ का दबाव कम किया जा सके. बंधु यादव ने बताया कि इसके अलावा दर्शन मार्ग को भी अधिक व्यवस्थित बनाया जा रहा है.
मंदिर परिसर में आवश्यक निर्माण और सौंदर्यीकरण का कार्य भी जारी है, जिससे भविष्य में बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें. फिलहाल निर्माण कार्य के बीच भी मंदिर में दर्शन व्यवस्था सामान्य रूप से जारी है. मंदिर समिति और प्रशासन की कोशिश है कि विकास कार्य के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो. निर्माण पूरा होने के बाद खजराना गणेश मंदिर पहले से अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक स्वरूप में श्रद्धालुओं के लिए तैयार होगा.
