अनुशासनहीनता पर एक्शन: पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष ठाकुर को कारण बताओ नोटिस, दफ्तर में प्रवेश पर भी रोक

भोपाल। मध्यप्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम के नवनियुक्त अध्यक्ष सौभाग्य सिंह ठाकुर को मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है। उन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पेट्रोल-डीजल बचत संबंधी अपील के बावजूद विशाल वाहन रैली निकालने का आरोप है। इस संबंध में मुख्यमंत्री कार्यालय के विशेष कर्त्तव्यस्थ अधिकारी अजातशत्रु श्रीवास्तव द्वारा जारी पत्र के अनुसार, सोशल मीडिया एवं मीडिया रिपोर्ट्स के माध्यम से यह जानकारी संज्ञान में आई कि ठाकुर ने हाल ही में पदभार ग्रहण करते समय 200 से भी अधिक वाहनों की विशाल रैली का आयोजन किया। इस आयोजन को शासन के दिशा-निर्देशों का प्रत्यक्ष एवं गंभीर उल्लंघन माना गया है।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि इस प्रकार की वाहन रैली न केवल राष्ट्रीय संसाधनों के अपव्यय को दर्शाती है, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी और ईंधन बचत के प्रति सरकार की अपील की भी अवहेलना है। श्री ठाकुर से इस संबंध में लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही मामले की गंभीरता को देखते हुए अंतिम निर्णय होने तक उनके प्रशासनिक एवं वित्तीय अधिकार तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित कर दिए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार, अब वे मध्यप्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम के कार्यालय अथवा परिसर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे, निगम की किसी भी सुविधा, वाहन अथवा कर्मचारी का उपयोग नहीं कर सकेंगे और न ही किसी प्रशासनिक अथवा वित्तीय निर्णय में भाग ले सकेंगे। इसके अतिरिक्त उनके निगम से संबंधित बैठकों में भाग लेने एवं अध्यक्षता करने पर भी रोक लगा दी गई है।

Next Post

माधवी राजे सिंधिया की पुण्यतिथि पर होगी भजन संध्या एवं सेवा कार्य

Thu May 14 , 2026
ग्वालियर । पूर्व विधायक एवं आयोजन प्रमुख रमेश अग्रवाल व बाल खाण्डे ने बताया कि राजमाता माधवी राजे सिंधिया की द्वितीय पुण्यतिथि पर पुष्पांजली अर्पित करने के लिए भजन संध्या का आयोजन 15 मई को सांय 5ः30 बजे अम्मा महाराज की छत्री स्थित विष्णु मंदिर में किया जाएगा। भजन संध्या […]

You May Like