जबलपुर: बरेला थाना अंतर्गत धनपुरी में बारिश के पानी की निकासी को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दो-दो ग्राम पंचायतों के सरपंचों की मौजूदगी में ही दूसरे पक्ष ने कुल्हाड़ी, चाकू और फावड़े से हमला कर दिया। हमले में मेडिकल स्टोर संचालक, उनके भाई, मासूम बेटे और पत्नी सहित पूरा परिवार घायल हो गया है।
पुलिस के मुताबिक धनपुरी चौराहा निवासी अमित त्रिपाठी दवाई की दुकान चलाते है। उनके घर के पीछे रहने वाले राजेश पटेल ने मकान निर्माण के चलते नाली का रास्ता बंद कर दिया था। बारिश का पानी रुकने के कारण विवाद की स्थिति बनी। रास्ता खुलवाने के लिए त्रिपाठी परिवार ने डूडी पंचायत के सरपंच पंकज पटेल और धनपुरी ग्राम पंचायत की सरपंच विमला ठाकुर को मौके पर बुलाया था। सरपंचों के सामने जब राजेश पटेल को रास्ते से मुरूम हटाने को कहा गया, तो वह भडक़ गया।
उसने अमित के पिता कृष्ण कुमार त्रिपाठी पर हमला करने की कोशिश की। बीच-बचाव करने आए अमित के भाई आशीष त्रिपाठी पर आरोपी राजेश ने अंदर से लाकर चाकू से वार कर दिया, जिससे आशीष के चेहरे पर गंभीर चोट आई। इसके बाद आरोपी ने फावड़े के बेंट से अमित के बाएं कंधे पर जोरदार हमला किया। विवाद के दौरान आरोपी राजेश के पिता ने पीडि़त परिवार पर पथराव शुरू कर दिया, जिसके पत्थर अमित के छोटे बेटे दिव्य त्रिपाठी और भाई आशीष को लगे। इसी बीच आरोपी की बहन सीता और मां भागवती बाई ने अमित त्रिपाठी की पत्नी को घेरकर उनके साथ भी मारपीट की। मौके पर मौजूद ग्रामीणों और सरपंचों ने जैसे-तैसे बीच-बचाव कर पीडि़त परिवार की जान बचाई। घटना के तुरंत बाद लहूलुहान हालत में पीडि़त परिवार बरेला थाना पहुंचा और मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।
