जबलपुर: एक सिरफिरा आशिक लगातार युवती को मानसिक रूप से प्रताडि़त कर उसका पीछा कर शादी का दबाव बना रहा था। हद तो तब हो गई जब उसने पीडि़ता के होने वाले ससुराल वालों को फोन कर दो अलग-अलग जगहों से उसका रिश्ता तुड़वा दिया। पाटन पुलिस ने रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक आरछा की रहने वाली 19 वर्षीय युवती के मामा का घर धन्वंतरी नगर में है। मामा के घर के पास ही कृष्णा चौधरी रहता है, जिससे उसकी जान-पहचान थी। 28 अप्रैल 2026 को पीडि़ता अपनी मौसी की शादी में शामिल होने धन्वंतरी नगर आई थी।
शादी समारोह में कृष्णा चौधरी उसे मिला और कहा, मैं तुम्हें पसंद करता हूं और तुमसे शादी करना चाहता हूं। युवती ने उसी वक्त उसे शादी के लिए साफ मना कर दिया। शादी के बाद पीडि़ता अपने माता-पिता के साथ वापस अपने गांव आरछा आ गई थी लेकिन आरोपी के सिर पर एकतरफा प्यार का भूत सवार था वे लगातार उसका पीछा कर शादी करने की जिद पर अड़ गया । पीडि़ता ने बताया कि वह जहां भी जाती, आरोपी साए की तरह उसका पीछा करता और जबरन मिलने का प्रयास करता। जब पीडि़ता ने कड़ा विरोध किया, तो आरोपी ने उसे धमकी देते हुए कहा, अगर तूने मुझसे शादी नहीं की, तो मैं तेरी शादी कहीं और नहीं होने दूंगा।
रिश्तेदारों से नंबर निकाल ससुराल फोन किया
आरोपी की हरकतों से तंग आकर पीडि़ता ने अपने माता-पिता को आपबीती सुनाई। परिजनों ने आनन-फानन में युवती की शादी दूसरी जगह पक्की कर दी। जब इसकी जानकारी कृष्णा को हुई, तो उसने चालाकी से रिश्तेदारों के जरिए लडक़ी के ससुराल वालों का नंबर निकाला। उसने होने वाले ससुराल में फोन कर पीडि़ता के बारे में उल्टी-सीधी बातें कहीं, जिससे वह रिश्ता टूट गया। इसके बाद परेशान माता-पिता ने दोबारा अपनी बेटी का रिश्ता सालीबाड़ा में तय किया। आरोपी की नजर वहां भी थी; उसने 22 जून 2026 को सालीबाड़ा वाले ससुराल में भी फोन करके दूसरी शादी भी तुड़वा दी बदनामी के डर से युवती शांत थी। लेकिन उसे लगातार धमकियां मिल रही थी । आखिरकार हिम्मत जुटाकर वे माता-पिता के साथ पाटन थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
