मुंबई, 02 जुलाई (वार्ता) आईटी तथा अन्य सेक्टरों में लिवाली से गुरुवार को घरेलू शेयर बाजारों में लगातार दूसरे दिन तेजी रही। बीएसई का सेंसेक्स 579.48 अंक (0.75 प्रतिशत) चढ़कर 77502.12 अंक पर पहुंच गया। निफ्टी-50 सूचकांक 169.85 अंक यानी 0.71 प्रतिशत ऊपर 24,175.70 अंक पर बंद हुआ। बाजार में चौतरफा लिवाली रही। वृहत बाजार में निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.51 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.25 प्रतिशत की बढ़त में रहा। सार्वजनिक बैंकों को छोड़कर अन्य सभी सेक्टरों में तेजी देखी गयी। निफ्टी आईटी सूचकांक में 4.64 फीसदी का उछाल रहा। टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, ऑटो, रसायन और रियल्टी समूहों के सूचकांक भी एक प्रतिशत से ज्यादा चढ़े।
सेंसेक्स में आईटी क्षेत्र की कंपनियों में सबसे अधिक तेजी रही। इंफोसिस का शेयर साढ़े पांच प्रतिशत से अधिक चढ़ा। टेक महिंद्रा, टीसीएस और एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयर भी चार प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त में रहे। बजाज फिनसर्व का शेयर सवा तीन फीसदी ऊपर बंद हुआ। महिंद्रा एंड महिंद्रा, अडानी एयरपोर्ट्स, टाइटन, आईसीआईसीआई बैंक, हिंदुस्तान यूनीलिवर, टाटा स्टील और एशियन पेंट्स के शेयर एक से दो प्रतिशत तक टूट गये। इंडिगो, अल्ट्राटेक सीमेंट, ट्रेंट, बजाज फाइनेंस और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर भी हरे निशान में रहे। एलएंडटी, मारुति सुजुकी, एक्सिस बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज में गिरावट रही।

