
शाजापुर, 1 जुलाई. सरकार ने करोड़ों की बिल्डिंग देकर सीएम राइज याने सांदीपनि विद्यालय तो बना दिए, लेकिन इस विद्यालय में संचालित बसों की कमी के चलते छात्र-छात्राएं परेशान हो रहे हैं. एक नाबालिक छात्रा ने सीएम हेल्पलाईन में शिकायत की, तो बस वाले ने बीच रास्ते में उस छात्रा को उतार दिया. इस बीच यदि उस छात्रा के साथ कोई घटना हो जाती, तो कौन जिम्मेदार होता. इस अमानवीय, असंवेदनशील घटना के मामले में तत्काल संबंधित बस के खिलाफ कार्यवाही होना चाहिए.
गौरतलब है कि सरदार वल्लभ भाई पटेल सांदीपनि विद्यालय जो 50 करोड़ की लागत से बना है. जिसमें 2500 से 2800 विद्यार्थियों के लिए केवल 11 बसें ही संचालित हो रही हैं. जिस कारण सैकड़ों बच्चे स्कूल नहीं पहुंच पा रहे हैं. इस बीच एक छात्रा ने सीएम हेल्पलाईन में जब शिकायत दर्ज कराई, तो बस संचालक ने उक्त छात्रा को बीच रास्ते में ही उतार दिया. सुनसान रास्ते पर छात्रा को उतारकर बस वाला निकल गया. यदि ऐसे में उक्त छात्रा के साथ कोई घटना हो जाती, तो इसके लिए कौन जिम्मेदार रहता. क्या सीएम हेल्पलाईन में शिकायत करना अपराध की श्रेणी में आता है. इस विषय पर छात्रा के अभिभावकों ने भी आपत्ति दर्ज करते हुए संबंधित बस वाले के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है.
पुरानी बसें संचालित हो रही…
नियमानुसार 3 साल पुरानी बसों का ही सीएम राइज में अनुबंध किया जा सकता है, लेकिन कई बसें ऐसी हैं, जो काफी पुरानी है. जिनकी हालत ठीक नहीं है. किसी भी दिन इन बसों से दुर्घटना हो सकती है. इस आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है. सीएम राइज स्कूल में बच्चों की भीड़ तो जुटा ली, लेकिन व्यवस्थाओं के नाम पर सीएम राइज स्कूल धर्मशाला बनकर रह गया है.
बच्चों की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार कौन…?
एक तरफ हाईवे होने के कारण भारी यातायात है और बस वालों की मनमानी इस कदर हावी है कि वे बच्चों को बीच रास्ते में ही उतार देते हैं. यदि सडक़ पार करते समय कोई घटना हो जाए, तो कौन जिम्मेदार होगा. करोड़ों की बिल्डिंग तो बन गई, लेकिन सीएम राइज में कई अव्यवस्थाएं हैं. खासकर नाबालिग छात्राओं की सुरक्षा चिंता का विषय है. इसलिए जिला प्रशासन को चाहिए कि वे बस संचालकों के खिलाफ कठोर कार्यवाही करें, जो बीच रास्ते में बच्चों को उतार रहे हैं.
इनका कहना है
बच्ची को बीच सडक़ पर उतारने के विषय में बस के को-ऑर्डिनेटर को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि ऐसी घटना दोबारा नहीं होना चाहिए.
– प्राचार्य, सीएम राइज विद्यालय, शाजापुर
