जोबट प्रवास के दौरान कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने खाद वितरण व्यवस्था का किया औचक निरीक्षण, किसानों से की चर्चा

आलीराजपुर। मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने जोबट प्रवास के दौरान ग्राम बड़ा गुड़ा स्थित मार्केटिंग सोसाइटी का औचक निरीक्षण कर खाद वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने खाद लेने पहुंचे किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

 

निरीक्षण के दौरान मंत्री चौहान ने सोसाइटी प्रबंधक को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी किसानों को ई-टोकन के क्रम अनुसार समय पर खाद उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी किसान को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने खाद वितरण प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

 

विभागीय अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 जून 2026 को ई-विकास प्रणाली के माध्यम से कुल 1,430 ई-टोकन जारी किए गए थे। इनमें से 700 टोकन का उपयोग करते हुए जिले के किसानों ने कुल 389 मीट्रिक टन उर्वरक प्राप्त किया, जिसमें 253 मीट्रिक टन यूरिया का उठाव किया गया। अधिकारियों ने बताया कि ई-टोकन जारी होने के बाद उसकी वैधता तीन दिनों तक रहती है, जिसके दौरान किसान अपनी सुविधा अनुसार खाद प्राप्त कर सकते हैं। 29 जून को जारी शेष 730 टोकनधारकों के पास अभी भी दो दिन का समय उपलब्ध है। वहीं आज भी नए जारी हुए ई-टोकनों के माध्यम से बड़ी मात्रा में किसानों द्वारा उर्वरक का उठाव किया गया।

 

कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि जिले में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है। ई-टोकन व्यवस्था लागू होने से किसानों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से खाद उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता एवं गड़बड़ी पर प्रभावी रोक लगेगी।

 

उन्होंने किसान भाई-बहनों से आग्रह किया कि वे किसी भी भ्रामक एवं झूठी अफवाह पर ध्यान न दें। केंद्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकार किसान कल्याण एवं गरीब हितैषी सरकार है और प्रत्येक पात्र किसान को नियमानुसार ई-टोकन जारी कर खाद उपलब्ध कराई जाएगी।

Next Post

कच्चे तेल में तेजी से रुपया पांच पैसे टूटा

Tue Jun 30 , 2026
मुंबई, 30 जून (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में तेजी से रुपया मंगलवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट में रहा। अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया आज पांच पैसे फिसल गया और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 94.56 रुपये का बोला गया। इससे पहले, सुबह बाजार खुलने के तुरंत […]

You May Like