शराब दुकान पर विवाद में ई-रिक्शा चालक की हत्या

इंदौर. गांधी नगर थाना क्षेत्र में सोमवार को शराब दुकान पर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया. सिद्धार्थ नगर स्थित वाइन शॉप पर शराब पीने के दौरान हुए झगड़े में 39 वर्षीय हेमंत उर्फ हेमू जाट की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से भाग निकले, जिन्हें पुलिस ने कुछ ही देर में हिरासत में ले लिया.

सिद्धार्थ नगर निवासी हेमंत उर्फ हेमू जाट अपने परिचित कृष्णा पाटिल और राजेश चौहान के साथ शराब पी रहा था. इसी दौरान किसी बात को लेकर तीनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. आरोप है कि कृष्णा पाटिल ने चाकू निकालकर हेमंत पर लगातार तीन से चार वार कर दिए. गंभीर रूप से घायल हेमंत को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही गांधी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया. थाना प्रभारी अनिल यादव ने बताया कि मृतक ई रिक्शा चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था. उसके खिलाफ चार आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जबकि मुख्य आरोपी कृष्णा पाटिल भी आदतन अपराधी बताया जा रहा है. मामले में एसीपी गांधी नगर निधि सक्सेना ने बताया कि शराब पीने के दौरान हुए विवाद में चाकू से हमला किया था. घटना के तुरंत बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में ले कर मामले की जांच जारी है.

बॉक्स…

मम्मी, चौराहे तक जा रहा हूं, अभी लौट आऊंगा…

घर से निकलते समय हेमंत ने अपनी मां मीना जाट से कहा था कि वह चौराहे तक जा रहा है और थोड़ी देर में वापस लौट आएगा. मां ने साथ चलने की इच्छा जताई, लेकिन उसने मना कर दिया. कुछ देर बाद एक व्यक्ति घर पहुंचा और बताया कि हेमंत घायल हो गया है. जब परिवार मौके पर पहुंचा तो वहां केवल खून के निशान मिले. जिला अस्पताल में मां बेटे से मिलने की आस में रोती बिलखती रही, जबकि उसे यह भी पता नहीं था कि हेमंत की मौत हो चुकी है. हेमंत की दोनों पत्नियों का पहले ही निधन हो चुका है. उसके पीछे दो बेटियां कनक और मुस्कान हैं, जिन्हें अभी तक घटना की पूरी जानकारी नहीं दी गई है.

Next Post

केवई नदी में नहाने गया 12 वर्षीय मासूम डूबा, दो घंटे बाद मिला शव

Mon Jun 29 , 2026
जमुना-कोतमा। नवभारत। भालूमाड़ा थाना क्षेत्र स्थित केवई नदी के पंप घाट पर रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई। दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया मासूम अचानक गहरे पानी में समा गया। सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय नागरिकों और कॉलरी प्रबंधन […]

You May Like