कटनी: कोतवाली थाना क्षेत्र के सिविल लाइन स्थित डॉ. वैश्य गली में रविवार को एक खाली प्लॉट में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है, जिसके कारण आसपास के क्षेत्र में तेज दुर्गंध फैल रही थी।स्थानीय लोगों ने दुर्गंध आने पर खाली प्लॉट में जाकर देखा तो वहां शव पड़ा मिला। इसके बाद क्षेत्र के लोगों ने वार्ड पार्षद अवकाश जायसवाल को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पार्षद मौके पर पहुंचे और तत्काल कोतवाली पुलिस को अवगत कराया।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव की शिनाख्त के प्रयास शुरू किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। हालांकि हत्या की आशंका सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस अज्ञात शव की पहचान कराने और मामले की जांच में जुटी हुई है।
