सारनी: बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी की घटनाओं को देखते हुए थाना सारनी पुलिस द्वारा गुरुवार को “सेफ क्लिक” साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सारनी में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं को डिजिटल सुरक्षा, ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया दुरुपयोग तथा साइबर अपराधों से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय विस्तार से बताए गए।
थाना प्रभारी जयपाल इनवाती ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के डिजिटल दौर में जागरूकता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है। छोटी सी लापरवाही आर्थिक नुकसान और मानसिक परेशानी का कारण बन सकती है, इसलिए किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या मैसेज पर तुरंत सतर्क रहना आवश्यक है। पुलिस द्वारा छात्राओं को साइबर हेल्पलाइन और शिकायत प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान आरक्षक मोहित भाटी, महिला आरक्षक लक्ष्मी, महिला आरक्षक वर्षा सहित विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा। छात्राओं को साइबर सुरक्षा संबंधी पम्पलेट वितरित कर सुरक्षित इंटरनेट उपयोग का संदेश दिया गया।सारनी पुलिस की यह पहल क्षेत्र में साइबर जागरूकता बढ़ाने की दिशा में प्रभावी कदम मानी जा रही है, जिससे आमजन विशेषकर युवा वर्ग निश्चित रूप से लाभान्वित होगा।
