सतना: अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय ने सत्र जून 2026 के अंतर्गत होने वाली स्नातकोत्तर (पीजी) चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाओं को लेकर एक महत्वपूर्ण संशोधित अधिसूचना जारी की है।विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, सेमेस्टर पद्धति परीक्षा जून 2026 के तहत एमए, एमएचएससी, एमएससी, एमकॉम, एमएसडब्ल्यू, एमबीए और एलएलएम पार्ट-2 टर्म-2 के चतुर्थ सेमेस्टर के परीक्षार्थियों की तारीखों में बदलाव किया गया है.अब यह परीक्षाएं आगे बढ़ा दी गई हैं और आगामी 2 जुलाई से शुरू होंगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन परीक्षाओं को कराने में लगातार समय-सारणी बदल रहा है, जिसके कारण सत्र आए दिन पिछड़ रहा है.लेकिन इस बार जो लापरवाही सामने आई है, उसने सबको हैरान कर दिया है. आमतौर पर जून का महीना 30 दिन का होता है, लेकिन विश्वविद्यालय ने अपनी आधिकारिक समय-सारणी में बकायदा 31 जून की तिथि जारी कर दी है, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इस अजीबोगरीब समय-सारणी के अनुसार, छात्र 22 जून 2026 से लेकर विश्वविद्यालय की कथित 31 जून 2026 की तारीख तक सामान्य परीक्षा शुल्क के साथ ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं. इस निर्धारित समय-सीमा के बीत जाने के बाद, यदि कोई छात्र आवेदन करना चाहता है, तो उसे 1 जुलाई 2026 से लेकर परीक्षा संचालित होने के ठीक एक दिन पूर्व तक पंद्रह सौ रुपए विलम्ब शुल्क के साथ आवेदन करने का अवसर दिया जाएगा.बार-बार बदलते नियमों और कैलेंडर से गायब इस तारीख की वजह से छात्र असमंजस में हैं और विश्वविद्यालय प्रबंधन की किरकिरी हो रही है।
