
छिंदवाड़ा. जिले के प्रतिभावान जनजातीय युवाओं को खेल के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए एक बड़ी और महत्वपूर्ण पहल की गई है। अपने दिल्ली प्रवास के दौरान नगर निगम के महापौर विक्रम अहके ने केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उइके से मुलाकात की। महापौर विक्रम अहके ने केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके से चर्चा करते हुए और सौंपे गए पत्र में उल्लेख किया कि छिंदवाड़ा जिला एक जनजातीय बाहुल्य क्षेत्र है। इस अंचल के आदिवासी युवाओं में खेलों के प्रति स्वाभाविक और बहुमुखी प्रतिभाएं कूट-कूट कर भरी हुई हैं। पारंपरिक खेलों से लेकर आधुनिक खेल विधाओं तक में यहाँ के युवाओं का कौशल अद्भुत है, लेकिन उचित मार्गदर्शन, आधुनिक अधोसंरचना और पेशेवर प्रशिक्षण (कोचिंग) के अभाव में इन प्रतिभावान खिलाडिय़ों को अपनी क्षमता का प्रदर्शन करने का पूरा अवसर नहीं मिल पा रहा है। इन छुपी हुई खेल प्रतिभाओं को सही समय पर तलाशने और तराशने की आज महती आवश्यकता है। मुलाकात के दौरान महापौर ने केंद्रीय मंत्री श्री उइके से विशेष आग्रह किया कि यदि उनके व्यक्तिगत प्रयासों और केंद्र सरकार के सहयोग से छिंदवाड़ा जिले को आदिवासी स्पोर्ट्स एकेडमी की सौगात मिल जाती है, तो यह संपूर्ण महाकौशल और सतपुड़ा अंचल के आदिवासी युवाओं के स्वर्णिम भविष्य के लिए एक मील का पत्थर साबित होगी। स्पोर्ट्स एकेडमी खुलने से स्थानीय युवाओं को आधुनिक विधाओं में अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण निशुल्क मिल सकेगा, जिससे आने वाले समय में जिले के खिलाड़ी देश और दुनिया में छिंदवाड़ा व मध्य प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
