इंदौर:छत्रीपुरा थाना क्षेत्र में 35 लाख रुपए के पुराने लेन-देन के विवाद को लेकर एक युवक को पिस्तौल दिखाकर डराने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. पीड़ित का आरोप है कि मुख्य आरोपी ने भाड़े के बदमाशों से उस पर पिस्तौल तनवाई और उसके दोस्तों पर चाकू से हमला भी करवाया. पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर मुख्य नामजद आरोपी और उसके अज्ञात गुर्गों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
थाना प्रभारी संजीव श्रीवास्तव ने बतया कि इस मामले में फरियादी शुभम पिता ओमप्रकाश शर्मा निवासी जय भवानी नगरने शिकायत दर्ज कराई है. शुभम का आरोपी शैलेंद्र उर्फ पिंटू शर्मा पिता संतोष शर्मा निवासी आदर्श इंदिरा नगर के साथ लगभग 35 लाख रुपये का पुराना वित्तीय विवाद चल रहा है.शुभम ने पुलिस को बताया कि गत 19 जून को आरोपी शैलेंद्र ने इस पैसे के लेनदेन की बात करने के बहाने उसे स्वस्तिक नगर तिराहा पर बुलाया था. शुभम जब वहां पहुंचा, तभी अचानक एक बिना नंबर की स्कूटी पर सवार होकर दो अज्ञात नकाबपोश बदमाश वहां आए.
उन बदमाशों ने शुभम को घेर लिया और अपनी कमर से पिस्तौल निकालकर उसकी छाती पर तान दी. बदमाशों ने शुभम को सरेराह घूरते हुए धमकी दी किअगर आगे से शैलेंद्र से अपने रुपये वापस मांगे, तो अंजाम अच्छा नहीं होगा.फरियादी शुभम ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि उसे पूरा यकीन है कि यह जानलेवा धमकी की वारदात शैलेंद्र उर्फ पिंटू शर्मा ने ही उन अज्ञात बदमाशों को सुपारी देकर करवाई है. शुभम के मुताबिक, इन बदमाशों का हौसला इतना बुलंद है कि इससे पहले 14 जून की रात को इन्हीं स्कूटी सवार बदमाशों ने शुभम के मित्र मोहन जाट पर जान से मारने की नीयत से जलता हुआ/तेज धारदार चाकू फेंका था. इतना ही नहीं, डराने की नीयत से ये बदमाश बीती शाम करीब 6:30 बजे भी शुभम के घर जय भवानी नगर के आसपास मंडराते और रेकी करते हुए देखे गए थे, जिससे पीड़ित का पूरा परिवार दहशत में है
