
खजुराहो। विश्व धरोहर नगरी खजुराहो के पश्चिमी मंदिर समूह स्थित कंदारिया महादेव मंदिर प्रांगण में रविवार को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार के साथ राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया, छतरपुर विधायक ललिता यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष विद्या अग्निहोत्री, नगर परिषद खजुराहो अध्यक्ष अरुण अवस्थी, नगरपालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कलेक्टर पार्थ जैसवाल, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
इस अवसर पर कोलकाता से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने ध्यानपूर्वक सुना। योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार ने कहा कि योग स्वस्थ जीवन का आधार है और नियमित योगाभ्यास से अनेक बीमारियों से राहत मिलने के साथ दवाइयों पर निर्भरता भी कम होती है। उन्होंने नागरिकों से योग को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
राज्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा नियमित योग किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक ही नहीं बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य के लिए भी आवश्यक है। उन्होंने सभी लोगों से प्रतिदिन योग कर स्वस्थ एवं निरोगी जीवन की दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प लेने की अपील की। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने भी नियमित योगाभ्यास करने का संकल्प लिया।
सामूहिक योगाभ्यास के पश्चात कार्यक्रम का समापन सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ हुआ। देश की प्रथम महिला पखावज वादक चित्रांगना आगल रेशवाल ने समूह के साथ मनमोहक पखावज वादन प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। योग और संस्कृति के अद्भुत संगम से पश्चिमी मंदिर समूह परिसर पूरी तरह योगमय नजर आया।
